...

रॉयल वीथी

रॉयल वीथी में कई तैल रंग चित्र हैं, जिसमें सन्‌ 1838 के जून में वेस्ट मिनिस्टर एबे में महारानी विक्टोरिया की ताजपोशी;  सेंट जेम्स पैलेस के चैपल रॉयल में प्रिंस अल्बर्ट के साथ उनका विवाह (1840); विंडसर कैसल के सेंट जार्ज चैपल में वेल्स के प्रिंस का बप्तिस्मा (1842); प्रिंसेस अलेक्जेण्ड्रा के साथ प्रिंस ऑफ वेल्स (एडवार्ड सप्तम) का विवाह (1863); सन्‌ 1887 में वेस्ट मिनिस्टर एबे में प्रथम जयंती तथा जून1897 में सेंट पॉल्स कैथेड्रल में दूसरी जयंती के अवसर पर महारानी विक्टोरिया  के दृश्यों को दर्शाया गया है। ये सभी ब्रिटिश राज परिवार के संग्रह में विख्यात चित्रकारों द्वारा अंकित रंग चित्रों की प्रतिकृतियां हैं। वीथी के मध्य में महारानी के लिखने-पढ़ने की मेज और कुर्सी है, जिसका वह विंडसर कैसल में इस्तेमाल करती थीं। सम्राट एडवार्ड-सप्तम ने इन्हें विक्टोरिया मेमोरियल को उपहार दिया था। इसके अलावा प्रिंस ऑफ वेल्स का जयपुर में आगमन -1876 के रंग चित्र को इस वीथी में रखा गया है। भारत का यह सबसे बड़ा रंगचित्र है (विवरण को चित्र के साथ दिया गया है)। रूसी चित्रकार वैसिली वेरेस्टचागिन के इस तैल रंगचित्र को वीथी की दक्षिणी दीवार पर रखा गया है। इस वीथी में चित्रकार जेनसन द्वारा अंकित एडवार्ड -सप्तम (प्रिंस ऑफ वेल्स) के चित्र तथा चित्रकार विन्टरहाल्टर द्वारा अंकित महारानी विक्टोरिया और प्रिंस अल्बर्ट की युवावस्था के चित्रों को भी रखा गया है।