...

बगीचा

विक्टोरिया मेमोरियल हाल के 57 एकड़ क्षेत्र में फैले हुए बगीचे को सुन्दर डिजाइन में बनाया गया है, जिस पर 338X228 वर्गफुट क्षेत्र पर भवन है। यहां उत्तरी गेट के रास्ते पर महारानी विक्टोरिया की एक कांस्य प्रतिमा है, जिसे सर जार्ज फ्रैम्पटन आर. ए. ने बनाया था। यहां महारानी को स्टार ऑफ इंडिया की पोशाक में सिंहासन पर बैठे हुए दिखाया गया है। दक्षिण की ओर से भवन की तरफ जाते समय दर्शक सम्राट एडवार्ड -सप्तम के स्मारक तोरण से होकर गुजरते हैं। यहां तोरण पर कांस्य की एक मूर्ति है, जिसमें सम्राट को घुड़सवारी करते हुए दिखाया गया है। इसे सर बरट्राम मैकेनेल ने बनाया था। यहां एफ. डब्लू, पोमेराय, आर. ए. द्वारा निर्मित लार्ड कर्जन की संगमरमर की एक मूर्ति भी है।

 

इसके अलावा बगीचे में अन्य विशिष्ट लोगों की मूर्तियां भी हैं। इनमें भारत के गर्वनर-जनरल लार्ड बेन्टिक (1828-1835), लार्ड रिपन (भारत में सन्‌ 1880 से 1884 तक गर्वनर जनरल) तथा पूर्वी ओर बंगाल के एक अग्रणी उद्योगपति सर राजेन्द्रनाथ मुखर्जी की मूर्ति शामिल हैं।

 

इस बगीचे के रखरखाव के कार्य में 21 माली हैं। अनेक प्रात: भ्रमण करनेवाले इस बगीचे का उपयोग करते हैं।  प्रात: भ्रमण करनेवालों के चार एसोसियेशन भी हैं, लेकिन विक्टोरिया मेमोरियल हाल के प्राधिकारियों का इन एसोसियेशनों के साथ कोई अधिकृत सम्पर्क नहीं है।